शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। विकास खंड के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों (कक्षा 1 से 8 तक) के प्रधानाध्यापकों एवं ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण संगोष्ठी बीआरसी परिसर में 11 मार्च को आयोजित की जाएगी। जारी आदेश के अनुसार विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत मिशन और विद्यालय विकास जैसे विषयों पर चर्चा के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा भी की जाएगी।
• ग्राम प्रधान व जनप्रतिनिधियों की सहभागिता अनिवार्य
आदेश में निर्देश दिया गया है कि संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक अपने-अपने क्षेत्र के ग्राम प्रधान, स्थानीय प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अनुरोध करें ताकि विद्यालयों के विकास और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके। यह कार्यक्रम 11 मार्च को सुबह 10:30 बजे ब्लॉक संसाधन केंद्र घोरावल में आयोजित किया जाएगा, जहां विकास खंड के सभी संबंधित शिक्षकों व अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।