रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद नगर स्थित केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई परिसर के परेड ग्राउंड में सीआईएसएफ का 57वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत भव्य परेड के साथ हुई, जिसका आयोजन इकाई प्रभारी प्रकाश (उप कमांडेंट) के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रणय कुमार नायक (जीएम ओ एंड एम, एनटीपीसी रिहंद) रहे। इस अवसर पर एनटीपीसी परियोजना के अपर महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक, चिकित्सा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, ग्राम प्रधान, एनटीपीसी यूनियन एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा सीआईएसएफ के अधिकारी और उनके परिजन उपस्थित रहे। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर प्रभात कुमार गोराईन तथा टूआईसी दिनेश ने किया।
• सुरक्षा सप्ताह के विजेताओं को किया गया सम्मानित
मुख्य अतिथि ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सीआईएसएफ देश की महत्वपूर्ण संपत्तियों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहा है। हवाई अड्डों, बंदरगाहों, मेट्रो स्टेशनों और संसद भवन जैसे प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में सीआईएसएफ की जिम्मेदारी लगातार बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ जवानों ने रिफ्लेक्स शूटिंग डेमो का रोमांचक प्रदर्शन किया और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। साथ ही केऔसुब सप्ताह 2026 (03 मार्च से 10 मार्च) के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में सहायक कमांडेंट आलोक कुमार चौधरी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।