वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। ग्राम पंचायत जोरुखाड़ में एक युवक का शव फंदे से लटकता मिलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। 21 वर्षीय कमलेश कुमार भारती पुत्र राजा राम के बारे में बताया जा रहा है कि बीती रात उसने घर की बडेर में मोफलर और कपड़े के टुकड़ों को जोड़कर फांसी लगा ली। वह छह बहनों के बीच परिवार का इकलौता पुत्र और अविवाहित था। सुबह घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
• दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन, तब तक थम चुकी थीं सांसें
परिजनों के अनुसार, रात में कमलेश ने परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर खिड़की से झांककर देखा तो वह फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी शिव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है।