अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। परिजनों के अनुसार 4 फरवरी को गांव की कक्षा 10 में पढ़ने वाली लड़की को गांव के ही युवक अपने साथ ले गया था, जिसमें एक पड़ोसी द्वारा सहयोग करने का भी आरोप लगाया गया। पिता ने 8 फरवरी को बभनी थाने में लिखित शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया, जबकि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया।
• परिजनों ने लगाया दबाव में मंदिर में शादी कराने का आरोप
लड़की के पिता का आरोप है कि बरामदगी के बाद उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया गया और युवक के परिजनों ने दबाव बनाकर मंदिर में शादी करा दी, जिससे उनकी बेटी कक्षा 10 की परीक्षा भी नहीं दे सकी। मामले में न्याय की मांग की गई है। पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में पवन कुमार पुत्र शिव कुमार निवासी घघरी को धारा 137(2) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस संबंध में दिन्नु प्रसाद यादव, प्रभारी निरीक्षक बभनी ने बताया कि युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।