SVG इण्डिया न्यूज रूम
घोरावल(सोनभद्र)। उच्च प्राथमिक विद्यालय जमगांव में सरस्वती पूजन, हवन और वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन और हवन से हुई जिसमें विद्यालय के सभी बच्चों ने सहभागिता की। प्रधानाध्यापक राजकुमार पांडे के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, वहीं डॉ मिथिलेश द्विवेदी के नेतृत्व में वार्षिक उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और बच्चों की प्रगति की सराहना की। इस दौरान ग्राम प्रधान, वि.प्र.स. अध्यक्ष ओम प्रकाश सहित अन्य अभिभावकों ने भी बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
• राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में छात्रों की उपलब्धि, राज्य स्तर तक पहुंची प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। दीपिका पटेल, रम्भा और सेहबान ने ब्लॉक स्तर पर स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया, जबकि दीपिका पटेल ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित किया। उपलब्धि के तहत दीपिका को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) बंगलुरू जाने के लिए हवाई यात्रा का अवसर मिलने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों और मातृशक्ति ने बच्चों का अभिनंदन करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। अंत में विद्यालय परिसर में जनचौपाल का आयोजन भी हुआ, जिसमें सुरेन्द्र पटेल, सितारा देवी, राम चन्द्र, जमील, अनावरुल, मुन्ना, मनोज कुमार सहित कई अभिभावकों ने बच्चों की शिक्षा और प्रगति में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के अंत में कक्षा 8 के छात्रों का विदाई समारोह भी आयोजित किया गया।
.