अजीत पाण्डेय संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। बिजली बिल राहत योजना (ओटीएस) के तहत पंजीकृत उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। अब योजना के अंतर्गत पंजीकृत उपभोक्ता 31 मार्च तक अपनी बकाया विद्युत बिल राशि जमा कर सकते हैं। विद्युत विभाग के एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने इस योजना में पंजीकरण कराया है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया बिल जमा कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
• समय सीमा के बाद सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसडीओ शिवम गुप्ता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपनी बकाया राशि अवश्य जमा कर दें। उन्होंने बताया कि यदि उपभोक्ता विस्तारित अवधि में भी बकाया राशि जमा नहीं करते हैं, तो विभाग द्वारा बिजली कनेक्शन विच्छेद करने, राजस्व वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) जारी करने तथा आवश्यक होने पर प्राथमिकी दर्ज कराने जैसी कार्रवाई की जा सकती है। विभाग ने उपभोक्ताओं को समय रहते भुगतान कर योजना का लाभ लेने की सलाह दी है।