अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में छत्तीसगढ़ की एक युवती ने धर्म विशेष के एक युवक पर नाम और धर्म बदलकर सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती करने तथा बाद में धोखे से कोर्ट मैरिज कराने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि युवक पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है, लेकिन उसने यह बात छिपाकर उससे संबंध बनाए और शादी कर ली। मामला बभनी थाना क्षेत्र के पोखरा गांव से जुड़ा बताया जा रहा है।
• शिकायत के बाद मामला छत्तीसगढ़ भेजा गया
युवती का कहना है कि युवक ने पहले उसे बहला-फुसलाकर छत्तीसगढ़ से सिंगरौली और फिर बभनी बुलाया। आरोप है कि 27 फरवरी को उसे धमकाकर कोर्ट में शादी कराई गई और शारीरिक संबंध भी बनाए गए। बाद में 10 मार्च को युवती के परिजन उसे वापस छत्तीसगढ़ ले गए, जहां से युवक द्वारा धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। युवती की शिकायत पर बभनी पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला छत्तीसगढ़ के बसंतपुर थाने को भेज दिया है। वहीं विश्व हिन्दु परिषद ने इस मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए विशेष नजर रखते हुए कार्रवाई की मांग की है।