अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई के आरोप में राजस्व टीम ने कार्रवाई करते हुए एक बालू लदा ट्रैक्टर पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। शुक्रवार को तहसीलदार दुद्धी अंजनी कुमार गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व टीम ने क्षेत्र के कई स्थानों पर छापेमारी की। इसी दौरान झोझवा पहाड़ी के समीप बालू लादकर बभनी की ओर आ रहे ट्रैक्टर को टीम ने पकड़ लिया। बताया गया कि चालक मौके से भागने का प्रयास करता रहा, लेकिन टीम की कार्रवाई में वह सफल नहीं हो सका।
• सड़क किनारे डंप बालू को भी किया गया सीज
कार्रवाई के दौरान चौना-बभनी मार्ग पर अवैध रूप से डंप किए गए बालू को भी सीज करते हुए ग्राम प्रधान को अभिरक्षा में सौंप दिया गया। तहसीलदार अंजनी कुमार गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए ट्रैक्टर को पुलिस अभिरक्षा में देते हुए खनन विभाग को भी सूचना भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और यदि कोई भी अवैध रूप से खनन या ढुलाई करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।