शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
सोनभद्र। पीएम पोषण (मध्यान भोजन) योजना के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में 14 मार्च को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी घोरावल द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक समिति के सदस्यों के साथ अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिला अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अग्निशमन अधिकारी और जिला समन्वयक मध्यान भोजन सहित कई अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए उसका स्वाद भी चखा।
• तीन रसोइयों ने हासिल किए शीर्ष स्थान
प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से कुल 27 रसोइयों ने प्रतिभाग किया। परिणाम घोषित होने पर कंपोजिट विद्यालय केकराही (करमा) की मुनिया ने प्रथम स्थान, प्राथमिक विद्यालय ओडहथा (घोरावल) की राज कुमारी ने द्वितीय स्थान और उच्च प्राथमिक विद्यालय घघरी (बभनी) के विश्वनाथ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः 3500, 2500 और 1500 रुपये की पुरस्कार राशि उनके खातों में भेजी जाएगी, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली अन्य रसोइयों को 650 रुपये सांत्वना पुरस्कार व आवागमन भत्ता के रूप में प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए और अधिकारियों ने ऐसे आयोजनों को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता बताई।