SVG इण्डिया न्यूज रूम
चोपन(सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के छिकराडाड़ जंगल में दंपति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्राम पंचायत कोटा के झलुहंवा टोला निवासी रामसुरत खरवार (करीब 45 वर्ष) और उनकी पत्नी खुशिया (करीब 40 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल के भीतर मिला। बताया जा रहा है कि दोनों बुधवार को मिट्टी की दीवार उठाने का काम करने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों द्वारा तलाश के बाद भी कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार को ग्रामीणों ने जंगल में दोनों के शव देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
• पहले पत्नी की हत्या फिर पति द्वारा फांसी लगाने की आशंका
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जबकि रामसुरत खरवार का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। ग्रामीणों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी की हत्या की गई और उसके बाद पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि घटना की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।