अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। बभनी शिक्षा क्षेत्र में रविवार को उल्लास नवभारत साक्षरता मिशन के तहत विभिन्न विद्यालयों में साक्षरता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में क्षेत्र के करीब 518 असाक्षरों ने भाग लिया। आयोजन समस्त परिषदीय विद्यालयों में सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ, जहां नवसाक्षरों ने पूरे उत्साह के साथ परीक्षा दी।
• पढ़ना-लिखना और गणना से जुड़े प्रश्नों का किया समाधान
परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों ने पढ़ना, लिखना और गणना से जुड़े प्रश्नों का समाधान कर अपनी साक्षरता क्षमता का प्रदर्शन किया। केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारु रहीं और पर्यवेक्षकों व शिक्षकों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। खंड शिक्षा अधिकारी के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक निरक्षर व्यक्ति को साक्षर बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाना है। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों, स्वयंसेवकों और शिक्षा विभाग के कर्मियों ने नवसाक्षरों के उत्साह की सराहना की।