वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के बुटबेढवा ग्राम पंचायत में बाजार के मध्य स्थित रामलीला फड़ में व्यापार मंडल विंढमगंज द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारी गणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंग-गुलाल के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय कुमार गोंड धुर्वे और विशिष्ट अतिथि मान सिंह गोंड ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया, जबकि व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी और संयोजक अमल कुमार जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
• गीत-संगीत और व्यंजनों के साथ हुआ उत्सव
कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच व्यापारी और अतिथि जमकर झूमे। मुख्य अतिथि संजय कुमार गोंड धुर्वे ने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश देता है, जिसमें लोग आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हैं। समारोह में लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया। कार्यक्रम देर रात तक शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।