सौरभ की रिपोर्ट
शक्तिनगर(सोनभद्र)। एनटीपीसी शक्तिनगर विद्युत परियोजना में मजदूरों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे स्टेज-3 में बीएचईएल कंपनी के अधीन कार्य कर रहे श्रमिक हड़ताल पर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं। मजदूरों का आरोप है कि उनसे रोज करीब 12 घंटे काम कराया जाता है, जबकि भुगतान केवल 8 घंटे का किया जा रहा है।
• मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही परियोजना प्रबंधन और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और मजदूरों से बातचीत कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। मजदूरों का कहना है कि कई बार प्रबंधन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। वहीं एक सपा नेता ने भी आरोप लगाया कि कंपनी मजदूरों से अधिक काम कराकर कम मजदूरी दे रही है और जो श्रमिक अपने अधिकारों की आवाज उठाते हैं, उन्हें काम से निकाल दिया जाता है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।