रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। बीजपुर बाजार स्थित बेड़ियां हनुमान मंदिर से बुधवार सुबह भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु सिर पर कलश, नारियल और चुनरी लेकर गाजे-बाजे व डीजे की धुन पर कतारबद्ध होकर निकले। यात्रा बाजार, स्वागत गेट, रिहंद परिसर और कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी होते हुए रिहंद जलाशय पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जल भरवाया गया। इसके बाद सभी श्रद्धालु पुनः मंदिर पहुंचकर कलश स्थापना कर प्रसाद ग्रहण किए। इस दौरान पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम, जय हनुमान और हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
• नौ दिवसीय श्रीराम कथा का होगा आयोजन
महंत मदन गोपाल दास ने बताया कि चैत्र नवरात्र के अवसर पर गुरुवार से नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन होगा, जिसमें हिमाचल से पधारे अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक राममोहन दास रामायणी कथा का वाचन करेंगे। कलश यात्रा में इंद्रेश सिंह, मंजू सिंह, रोहित सिंह, अनिल त्रिपाठी, श्रीराम यादव, यशवंत सिंह, उपेंद्र प्रताप सिंह, संदीप उपाध्याय, सुनील तिवारी, संतोष गुप्ता, मनीष यादव, कमलेश गुप्ता, अजय गुप्ता, रामकृत गुप्ता, चंदन गुप्ता, नारायण गुप्ता, गोपाल गुप्ता, आनंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वहीं महंत अवधेश दास, सत्यनारायण दास, माधव दास, हरि ओम दास, आचार्य अनूप शुक्ल, महेंद्र तिवारी सहित संत-महात्मा भी उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, उपनिरीक्षक श्रवण कुमार यादव सहित पुलिस बल तैनात रहा।