राजेश तिवारी की रिपोर्ट
कोन(सोनभद्र)। क्षेत्र के कोन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं की कमी को लेकर जनाक्रोश सामने आया है। ग्राम पंचायत रामगढ़ में राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट के नेतृत्व में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और एक्स-रे जैसी जरूरी जांच सुविधाओं की मांग उठाई गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनन्द पटेल दयालु के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान को क्षेत्रीय जनता का बड़ा समर्थन मिल रहा है। आरोप है कि लगभग दो लाख की आबादी वर्षों से बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में परेशान है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
• अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप, मांग पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहने की चेतावनी
अभियान के दौरान आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि जब तक कोन अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने वर्षों बाद भी यदि अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो यह आम जनता के अधिकारों का हनन है। हस्ताक्षर अभियान के जरिए जनता की आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात कही गई है, ताकि प्रशासन पर दबाव बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जा सके। इस दौरान संतोष कनौजिया, अजय पटेल, दिनेश, अरुण कुमार, जनाब शरीफ, छोटेलाल समेत कई लोग मौजूद रहे।