वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। सलैयाडीह ग्राम पंचायत में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य व छात्र-छात्राओं द्वारा भारतीय नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम संवत 2083 के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विद्यालय परिसर से शुरू हुई यह यात्रा बाजार के सब्जी मंडी, साहू चौक, रामलीला ग्राउंड, हवाई गली और हलवाई चौक होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची। इस दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राएं अनुशासित पंक्तियों में चलते हुए “भारत माता की जय” और “जय माता भगवती” के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
• पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत, संस्कृति से जुड़ने का दिया संदेश
शोभायात्रा के दौरान कई छात्र-छात्राएं पारंपरिक वेशभूषा में सजे नजर आए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र तिवारी ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रभक्ति से जोड़ना है।