रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रैशनलाइजेशन-2026) के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों का पुनर्गठन अधिकतम 1200 मतदाताओं के मानक के अनुरूप किया जा रहा है। इसके लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराया गया है। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जर्जर एवं अनुपयुक्त भवनों में संचालित मतदान केंद्रों का संशोधन एवं आवश्यकतानुसार स्थान परिवर्तन किया जाएगा।
• 3 जुलाई तक संशोधन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश, मतदान केंद्रों के नामों का भी होगा मानकीकरण
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदान केंद्र का संचालन दुकान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, निजी सामुदायिक भवन, विवाह घर अथवा किसी राजनीतिक व्यक्ति के स्वामित्व वाले भवन में नहीं किया जाएगा। ऐसे केंद्रों को शासकीय अथवा सार्वजनिक भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से दो दिनों के भीतर लिखित रूप में सुझाव एवं आपत्तियां उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही मतदान केंद्रों के नामों का मानकीकरण करने तथा 3 जुलाई 2026 तक भौतिक सत्यापन रिपोर्ट एवं आवश्यक संशोधन पूर्ण कर अंतिम रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।