वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के मुड़ीसेमर स्थित कंपोजिट विद्यालय में नवागत शिक्षक राजकमल यादव एवं अध्यापिका मोनिका जायसवाल का ग्रामवासियों और समाजसेवी लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों ने दोनों शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। इस दौरान ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि दोनों शिक्षकों के अनुभव, मेहनत और कुशल मार्गदर्शन से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और बेहतर होगा तथा बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।
• विद्यालय में नई ऊर्जा आने की जताई उम्मीद
ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय, शिक्षक, अभिभावक और समाज के बीच आपसी सहयोग जरूरी है। नए शिक्षकों के आने से विद्यालय में शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जगी है। स्वागत कार्यक्रम में डॉ. राकेश पासवान, सरजू यादव, रमेश सिंह एडवोकेट, मनोज पासवान, श्रवण पासवान, मंटू पासवान, बृजकिशोर यादव, मुकेश पासवान, प्रेम यादव एवं प्रतोष कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीण और समाजसेवी मौजूद रहे।