बीजपुर(सोनभद्र)। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ क्षेत्र में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। व्रती महिलाएं फल, पकवान और पूजन सामग्री से सजे दउरा के साथ विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचीं और विधि-विधान से भगवान सूर्य व छठी मइया की पूजा-अर्चना की। अजीरेश्वर मंदिर, बीजपुर बाजार, माता दूदहिया और बेड़िया हनुमान मंदिर सहित विभिन्न घाटों पर पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। रविवार शाम व्रती महिलाओं ने जलाशयों और सरोवरों में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और आरोग्य की कामना की।
रघुराज सिंह संवाददाता






