मारकुंडी(सोनभद्र)। सूर्योपासना और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे जनपद में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। मारकुंडी स्थित घाघर नदी सहित अवई, सलखन, गुरमा, मीना बाजार, करगरा मोड़, केवटा और रजधन के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की।
• छठी मइया के गीतों से गूंजे घाट, मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन
घाटों पर गन्ने से बने आकर्षक मंडप, दीपों की जगमगाहट और पारंपरिक छठ गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सिर पर दउरा और सूप लेकर घाटों की ओर जाते श्रद्धालुओं की भीड़ देखते ही बन रही थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय पूजा समितियों और प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, प्रकाश एवं सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। चोपन थाना निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता और गुरमा चौकी प्रभारी प्रकाश पुलिसकर्मियों के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पुलिस प्रशासन और स्थानीय समितियों के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
अवधेश कुमार गुप्ता संवाददाता






