सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के बिरनबहरा टोला स्थित बंधी में छठ पूजा के दौरान स्नान करते समय डूबने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि 14 वर्षीय राजू पुत्र रामप्रसाद उर्फ मंगा स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके बहनोई अनिल (20) पुत्र रामकरन और बहन उर्मिला (18) भी पानी में कूद पड़े, लेकिन तीनों गहरे पानी में समा गए। घटना 15 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।
• गोताखोरों की मदद से निकाले गए तीनों शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों के शव बंधी से बाहर निकलवाए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनिल मूल रूप से शक्तिनगर थाना क्षेत्र की राजकिशन कॉलोनी के चिल्काटाड़ गांव का निवासी था और पत्नी उर्मिला के साथ ससुराल आया हुआ था। सीओ पिपरी हर्ष पाण्डेय ने बताया कि राजू को डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में अनिल और उर्मिला भी पानी में डूब गए, जिससे तीनों की मौत हो गई। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
सौरभ की रिपोर्ट






