अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। आगामी दुर्गा पूजा को लेकर विद्युत विभाग ने आमजन एवं पूजा समितियों से विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। विद्युत उपकेंद्र बभनी के अवर अभियंता महेश कुमार ने दुर्गा पूजा समितियों को निर्देशित किया कि पंडालों का निर्माण विद्युत लाइनों, बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर से सुरक्षित दूरी पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में कार्यक्रम आयोजित करने से पहले विद्युत सुरक्षा निदेशालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही पंडाल निर्माण और आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
• लापरवाही पर समिति की होगी जिम्मेदारी
अवर अभियंता ने चेतावनी दी कि विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर संबंधित दुर्गा पूजा समिति जिम्मेदार होगी। उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विद्युत सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।