डाला(सोनभद्र)। नगर पंचायत डाला बाजार के कुरदहवा नाला छठ घाट पर शनिवार शाम छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा टल गया। नई बस्ती निवासी नारायण का सात वर्षीय पुत्र शिवम कुमार खेलते समय पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा। बच्चे को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान पूजा व्यवस्था संभाल रहे नगर पंचायत अध्यक्ष के छोटे भाई विनय सिंह गोंड और वार्ड नंबर दो के सभासद अवनिश देव उर्फ बब्लू पांडे ने बिना देर किए गहरे पानी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बचाव होने से मासूम की जान बच गई।
• बचाव के बाद परिजनों ने ली राहत की सांस, साहसिक कदम की सराहना
बच्चे के सकुशल बाहर निकलने के बाद परिजनों और घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने विनय सिंह गोंड और सभासद अवनिश देव उर्फ बब्लू पांडे के साहस, सूझबूझ और तत्परता की जमकर सराहना की। दोनों युवकों की बहादुरी ने एक परिवार को बड़े दुख से बचा लिया।
यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता






