गुरमा(सोनभद्र)। जनपद में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के एक अभियुक्त की करीब 75 लाख 50 हजार रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर ली। जिला मजिस्ट्रेट सोनभद्र के न्यायालय से जारी आदेश के अनुपालन में 14 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना राबर्ट्सगंज में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 551/2026, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट से संबंधित अभियुक्त अखिलेश उर्फ धीरज केसरी पुत्र संजय केसरी निवासी ग्राम बैनी, थाना रायपुर, हाल पता इन्द्रपुरी कॉलोनी, राबर्ट्सगंज के विरुद्ध कुर्की का आदेश जारी हुआ था।
👉इस महत्वपूर्ण खबर को भी पढ़े: धान खरीद में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, 8 केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश
कार्रवाई के दौरान अभियुक्त की माता कुसुम देवी के नाम ग्राम अबई में दर्ज चार गाटों की 0.2550 हेक्टेयर भूमि, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये तथा 253 वर्गमीटर आवासीय भूखंड, जिसकी कीमत 25.50 लाख रुपये आंकी गई है, कुर्क किया गया। वहीं पिता संजय केसरी के नाम दर्ज 253.71 वर्गमीटर आवासीय भूखंड, जिसकी कीमत 20 लाख रुपये तथा विभिन्न आराजियों में दर्ज 0.5190 हेक्टेयर भूमि, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है, को भी कुर्क किया गया।
• कुर्क संपत्तियों पर लगाया चेतावनी बोर्ड, उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
कुर्की की कार्रवाई के बाद प्रशासन ने संबंधित संपत्तियों पर चेतावनी बोर्ड लगवा दिए हैं। बोर्ड के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि कुर्क की गई संपत्तियों का क्रय-विक्रय, दान, बंधक, निर्माण अथवा कब्जा परिवर्तन करना प्रतिबंधित है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 208 एवं 209 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आपराधिक गतिविधियों के जरिए संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अवधेश कुमार गुप्ता संवाददाता






