दुद्धी(सोनभद्र)। लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को दुद्धी स्थित शिवाजी तालाब सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों और नदी घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। शिवाजी तालाब के गंगा, यमुना, सरस्वती, कावेरी, नर्मदा, वरुणा और ब्रह्मपुत्र नामक सातों घाटों पर शाम चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। तालाब परिसर में करीब पांच हजार श्रद्धालुओं और उनके परिजनों की मौजूदगी रही।
व्रती महिलाओं ने स्नान-ध्यान के बाद भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और घाटों पर वेदी बनाकर कलश स्थापित किए। दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में भी दीप जलाए गए। घंटियों की गूंज और छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
• पुलिस और सामाजिक संगठनों ने संभाली व्यवस्था
शाम करीब छह बजे पूजा-अर्चना के बाद व्रती महिलाएं घर लौटीं, जहां मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से खरना का महाप्रसाद तैयार किया गया। दूध, गुड़ और चावल से बनी खीर ग्रहण करने के बाद परिवार और आसपास के लोगों में प्रसाद वितरित किया गया। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और लोक मंगल की कामना की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिसकर्मियों और महिला पुलिसकर्मियों के साथ लगातार भ्रमणशील रहे। वहीं जय बजरंग अखाड़ा समिति और श्रीरामलीला कमेटी के कार्यकर्ताओं ने घाटों पर व्यवस्था संभाली। इस मौके पर जय बजरंग अखाड़ा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल, महामंत्री दीपक शाह, श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता, रामपाल जौहरी, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, अविनाश गुप्ता, सुनील जायसवाल, राकेश उर्फ बड़का और कृपाशंकर अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
मनीष कुमार संवाददाता







