वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के झारखंड बॉर्डर पर स्थित छतरपुर गांव के डिहवार बाबा स्थान पर बुधवार सुबह ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी एवं पिछड़े समाज की महिलाएं शामिल हुईं। डिहवार बाबा के संचालक रामप्यारे चेरो के नेतृत्व में महिलाओं ने झारखंड बॉर्डर से सटे क्षेत्र में सामूहिक रूप से झाड़ू-बहारन की पारंपरिक रस्म निभाई। इसके बाद महिलाएं डिहवार बाबा स्थान पहुंचीं और रंग-बिरंगे पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा-अर्चना की।
• गांव में अमन-चैन और सुख-समृद्धि की कामना
ग्रामीणों की मान्यता है कि इस पारंपरिक आयोजन से गांव में किसी तरह की आफत-विपत्ति नहीं आती और सभी परिवार सुख-शांति से रहते हैं। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने कार्यक्रम का समापन किया और खुशी-खुशी अपने घर लौट गईं। इस मौके पर रामप्यारे चेरो, दीनदयाल विश्वकर्मा, रमाकांत विश्वकर्मा, शिवकुमार यादव, राजेश कुमार यादव, इंकुवारी देवी, सुधानी देवी, मीना देवी, बुधनी देवी, मंजू देवी, राजमती देवी एवं रानी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में शिव यादव ने सहयोग किया।