रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद में 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक संचालित होने वाले जीएनएसएस (GNSS) रोवर आधारित विशेष पैमाइश अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बभनौली कला गांव में किया। इस दौरान वह पगडंडियों के सहारे पैदल चलकर किसान के खेत तक पहुंचे और अपनी मौजूदगी में आधुनिक रोवर तकनीक से पैमाइश कार्य प्रारंभ कराया। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत खेतों, चकमार्गों एवं राजस्व अभिलेखों की सटीक और पारदर्शी पैमाइश सुनिश्चित की जाएगी, जिससे राजस्व संबंधी विवादों के निस्तारण में भी सुविधा मिलेगी।
• प्रत्येक तहसील में प्रतिदिन पांच गांवों में चलेगा अभियान, नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक तहसील में गठित रोवर टीम प्रतिदिन पांच गांवों में पैमाइश अभियान चलाकर समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करे। साथ ही फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं दैनिक प्रगति का नियमित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। खेत तक पगडंडी के रास्ते पैदल पहुंचकर अभियान का शुभारंभ करने की जिलाधिकारी की पहल को ग्रामीणों ने सराहा और उनकी सादगी व जमीनी कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए इसे किसानों के हित में प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल बताया।