SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। जनपद में जिला पंचायत अध्यक्ष पर टिप्पणी को लेकर सियासत गरमा गई है।जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल की ओर से सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ करमा थाने में तहरीर दी गई है।सोशल मीडिया और मीडिया में प्रसारित बयान को लेकर पूरे मामले ने अब तूल पकड़ लिया है।
मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर प्रसारित एक वीडियो और बयान से जुड़ा है।तहरीर में जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने आरोप लगाया है कि सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव द्वारा सार्वजनिक रूप से ऐसे शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे उनकी मान-प्रतिष्ठा और सामाजिक-राजनीतिक छवि को गंभीर क्षति पहुंची है।
तहरीर के मुताबिक वीडियो में यह आरोप लगाया गया कि पैसा लेकर जिला पंचायत को माफिया के हाथों सौंपने जैसी बात कही गई, जिसे पूरी तरह असत्य और छवि धूमिल करने की नीयत से प्रसारित बताया गया है।इस तरह के बयान के बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है।मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल की ओर से तहरीर दी गई है, जिसमें सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव पर आरोप लगाया गया है कि मीडिया में ऐसे शब्द बोले गए हैं जिससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हो रही है।तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।