रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। राम नवमी के अवसर पर दुदहिया माता मंदिर प्रांगण में नव दिवसीय संगीतमयी श्री राम कथा का शुभारंभ हुआ, जिसमें हिमाचल से पधारे अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक राम मोहन दास रामायणी ने रामचरित मानस के प्रसंगों का मार्मिक वर्णन किया। कथा के दौरान श्रीराम के बाल्यकाल से लेकर माता सीता के प्रेम, त्याग और आदर्शों का ऐसा जीवंत चित्रण किया गया कि पूरा पंडाल भावविभोर हो उठा। श्रद्धालु देर तक कथा सुनते रहे और भक्ति में सराबोर नजर आए।
• कथा में गूंजे आदर्शों के संदेश, श्रद्धालुओं ने लिया जीवन में उतारने का संकल्प
कथा वाचक ने बताया कि श्रीराम के आदर्श चरित्र को यदि जीवन में उतार लिया जाए तो दुखों का अंत संभव है। उन्होंने सीता हरण और जटायु के धर्म युद्ध जैसे प्रसंगों को सुनाकर समाज को त्याग, निष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कथा के बाद नव कन्याओं का पूजन, हनुमान चालीसा पाठ, राम धुन संकीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में इंद्रेश सिंह, मंजू सिंह, अशर्फी सोनी, सुनील तिवारी, बिका रावत, उपेन्द्र प्रताप सिंह, श्रीराम यादव, देवधारी गुप्ता, अनिल त्रिपाठी, विष्णुकांति दुबे सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।