SVG इण्डिया न्यूज रूम
घोरावल(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के बर्दिया गांव से लापता हुआ 14 वर्षीय छात्र दो दिन बाद मिर्जापुर के अहरौरा घाटी में मिलने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार विनायक तिवारी शुक्रवार सुबह विद्यालय जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह स्कूल न जाकर अपने ममेरे भाई के साथ घोरावल चला गया। इसके बाद वह शिवद्वार क्षेत्र में छोड़े जाने के बाद लापता हो गया, जिसकी तलाश परिजन लगातार करते रहे। रविवार को एक ट्रक चालक द्वारा उसे घायल अवस्था में गांव पहुंचाए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
• छात्र का आरोप, चेहरे पर स्प्रे कर बेहोश कर घाटी में फेंका
छात्र के अनुसार शिवद्वार क्षेत्र में संग्रहालय के पास चार पहिया वाहन सवार लोगों द्वारा उसके चेहरे पर स्प्रे मारने का आरोप लगाया गया है, जिससे वह बेहोश हो गया। आरोप है कि इसके बाद उसे वाहन में बैठाकर मिर्जापुर के अहरौरा घाटी में फेंक दिया गया। होश आने के बाद रास्ते से गुजर रहे ट्रक चालक ने उसे देखा और घर पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने और मामले में गुमशुदगी दर्ज होने की बात कही गई है, जबकि पूरे प्रकरण की जांच जारी होने की जानकारी सामने आई है।