राजेश तिवारी की रिपोर्ट
कोन(सोनभद्र)। फ्लोरोसिस प्रभावित क्षेत्रों में हर घर नल योजना पूरी तरह फेल साबित होने के आरोप के बीच ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जल जीवन मिशन के तहत हर्रा कदरा ग्राम समूह पेयजल योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। कचनरवा, कुड़वा समेत कई गांवों में वर्षों से नलों में एक बूंद पानी नहीं आया, जिससे लोग नदी-नाले और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड द्वारा पाइपलाइन और कनेक्शन का कार्य अधूरा और मानकों के विपरीत किया गया है। कई बार शिकायत और प्रदर्शन के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, यहां तक कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ।
• करोड़ों की योजना पर सवाल, जांच और कार्रवाई की उठी मांग
ग्राम प्रधान संघ जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कुमार जायसवाल समेत स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि योजना में भारी अनियमितता और सरकारी धन के बंदरबांट की आशंका है। समाजसेवी सोमारु यादव के नेतृत्व में कुड़वा में ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए संबंधित संस्था को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। वहीं समाजसेवी गंगा प्रसाद और अन्य ग्रामीणों ने कहा कि फ्लोरोसिस के कारण लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, फिर भी जलापूर्ति नहीं हो रही। कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सुदर्शन विंद के अनुसार स्रोत पर पानी की कमी और तकनीकी कारणों से आपूर्ति बाधित है, जबकि विभागीय अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या भीषण गर्मी में लोगों को पानी मिलेगा या यह योजना भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगी।