मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्य समिति में दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को नए दायित्व मिलने पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संकट मोचन मंदिर तिराहे पर दर्शन-पूजन से हुई, जहां सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों ने आशीर्वाद लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और मिठाई के साथ उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर सभी पदाधिकारी नगर भ्रमण करते हुए पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां कार्यक्रम सभा में बदल गया और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
• संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर दिया गया जोर
सभा को संबोधित करते हुए मनोज सिंह ने संगठन द्वारा मिले दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाने की बात कही। वहीं जिला महामंत्री शारदा खरवार ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कार्यकर्ताओं का आभार जताया और आगामी चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की अपील की। जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं से ही है और बूथ मजबूत होगा तो जीत सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने किया, जबकि मौके पर वीरेंद्र चौधरी, कमलेश मोहन, रिंकी जायसवाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।