SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में शिकायतों पर असंतुष्ट फीडबैक सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जल निगम ग्रामीण, नगरीय विभाग, विद्युत पिपरी, पिछड़ा वर्ग कल्याण, खाद्य विपणन और खान विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और वेतन भुगतान रोकने व स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
• मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तय समय में निस्तारण का सख्त आदेश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता दर्शन, तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लें, जीपीएस फोटो अपलोड करें और रोजाना पोर्टल पर लॉगिन कर प्रगति की समीक्षा करें। चेतावनी दी गई कि अंतिम दिन निस्तारण करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जागृति अवस्थी, वागीश कुमार शुक्ला, रमेश चंद्र, हेमन्त कुमार सिंह, रविन्द्र वीर सिंह, ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया और नमिता शरण सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।