शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
करमा(सोनभद्र)। रॉबर्ट्सगंज-मिर्जापुर मुख्य मार्ग पर करकी गांव के पास तेज रफ्तार ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। जौनपुर के कुंभ मोकलपुर निवासी जय सिंह अपनी पत्नी सरिता सिंह के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक चला रहा चन्दू कोल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज लोढ़ी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कृष्णा कोल और अक्षय कोल घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है।
• पुलिस ने संभाला मोर्चा, शव भेजे पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही करमा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भिजवा दिया। वहीं घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस द्वारा मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इस हादसे ने एक ही पल में कई परिवारों की खुशियां छीन लीं, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।