रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। नमामि गंगे अभियान के तहत झीलों व खमहरिया में स्थापित जल संयंत्र पर तैनात श्रमिकों ने जीबीपीआर कंपनी पर शोषण के आरोप लगाते हुए विरोध का बिगुल फूंक दिया है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उनसे 12 घंटे तक लगातार ड्यूटी कराई जा रही है और श्रम नीति के अनुसार सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। सैकड़ों श्रमिकों ने हस्ताक्षरयुक्त पत्र भेजकर ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह गोंड समेत संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 26 मार्च से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
• नियुक्ति पत्र, ओवरटाइम और पीएफ सहित कई मांगें रखीं
श्रमिकों ने मांग की है कि सभी कर्मचारियों को 1 अप्रैल से पहले नियुक्ति पत्र दिया जाए, 8 घंटे की ड्यूटी तय की जाए और अतिरिक्त समय के लिए डबल ओवरटाइम दिया जाए। साथ ही 26 दिन की ड्यूटी, पीएफ, सुरक्षा और मेडिकल सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं। श्रमिकों का आरोप है कि 30 दिन तक लगातार 12 घंटे काम कराना अन्याय है और जब तक सभी सुविधाएं नहीं मिलेंगी, धरना जारी रहेगा। वहीं परियोजना प्रबंधक प्रहलाद प्रसाद ने बताया कि श्रमिकों को स्वैच्छिक एग्रीमेंट के तहत मासिक भुगतान पर रखा गया है और कंपनी कॉर्पोरेट दिशा-निर्देशों के अनुसार वेतन व सुविधाएं दी जा रही हैं।
.