वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज,सोनभद्र। थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी गांवों में आगामी चैत्र नवरात्रि पर रामनवमी के जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर थाना में एक बैठक थाना निरीक्षक शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान, रामनवमी समितियों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना निरिक्षक शिव कुमार सिंह ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि शासन के आदेशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि रामनवमी जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखना है, जिसमें सभी की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। जुलूस पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ही अनुशासन और मर्यादा में निकाला जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। प्रशासन हर संभव सहायता के लिए तैयार है।बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय कुमार गुप्ता, अभिषेक सिंह उर्फ किशू सिंह, सुरेन्द्र कुमार पासवान, रामनवमी सेवा समिति के अध्यक्ष राजकमल, कोषाध्यक्ष बिक्की मदेशिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश केसरी सहित अशोक जायसवाल, अरविंद कुमार गुप्ता, नन्द किशोर गुप्ता, ओमप्रकाश रावत, सुमन गुप्ता, प्रेम कुशवाहा, पावन कुमार रजक और मनीष मदेशिया समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।