SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। पेट्रोलियम पदार्थों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी बीएन सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डीजल-पेट्रोल रिटेल आउटलेट संचालकों और एलपीजी गैस एजेंसी डीलरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि सभी पेट्रोल पंप संचालक डीजल, पेट्रोल और सीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही आपातकालीन सेवाओं के लिए ईंधन का आरक्षित स्टॉक रखने, प्रतिदिन ओपनिंग स्टॉक और अन्य जरूरी सूचनाएं सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
• कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कृत्रिम अभाव, जमाखोरी, अवैध परिवहन या दुष्प्रचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पेट्रोल पंप संचालकों को ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ नियम का कड़ाई से पालन करने और बोतल या गैलन में पेट्रोल न बेचने के निर्देश दिए गए। वहीं गैस एजेंसी संचालकों को समयबद्ध डिलीवरी, निर्धारित दर पर रिफिल उपलब्ध कराने और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान न करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जागृति अवस्थी, इन्द्रभान सिंह, विवेक कुमार सिंह, पृथ्वीराज, विनय कुमार सिंह समेत संबंधित अधिकारी और कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।