अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। विद्युत उपकेंद्र बभनी पर उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के बैनर तले संविदा कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कुछ संविदा कर्मियों को बिना पूर्व सूचना के कार्य से हटा दिया गया है, जिन्हें तत्काल बहाल करने और उनका रुका हुआ वेतन दिलाने की मांग की गई।
• मांगें पूरी न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी, प्रबंधन पर डाला जिम्मा
कर्मचारियों ने सभी उपकेंद्रों पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, दुर्घटनाग्रस्त कर्मियों को मुआवजा देने और सभी संविदा कर्मचारियों को ईएसआई कार्ड व पहचान पत्र जारी करने की मांग भी उठाई। साथ ही विभाग में कुशल और अकुशल कर्मियों की स्पष्ट जानकारी देने की बात कही गई। संगठन ने 5 अप्रैल तक वार्ता कर समाधान निकालने का अनुरोध किया है, अन्यथा 6 अप्रैल से धरना या भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में कृष्ण शर्मा, नारायण यादव, राम प्रसाद यादव, भोला यादव, अनिल कुमार यादव समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।