रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुली के टोला जलजलिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें, जिससे ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
• संदिग्ध लिंक और फर्जी कॉल से सतर्क रहने की सलाह
पुलिस ने ग्रामीणों को आगाह किया कि मोबाइल पर आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक को क्लिक न करें और किसी अनजान व्यक्ति को बैंक ओटीपी या पिन साझा न करें। साथ ही बैंक अधिकारी बनकर आने वाली फर्जी कॉल और लालच देने वाले संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा मजबूत रखने और अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट से बचने को भी कहा गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकान्त पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अभियान में भाग लेकर जागरूकता का संकल्प लिया।