SVG इण्डिया न्यूज रूम
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज में कार्यरत रेजिडेंट डॉक्टरों ने वेतन भुगतान में देरी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। डॉक्टरों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से सैलरी समय पर नहीं मिल रही है और फरवरी व मार्च का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। इस संबंध में उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को पहले ही लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया था, लेकिन आरोप है कि लगातार सुस्त रवैये के चलते अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है, जिससे डॉक्टरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
• 2 अप्रैल से कार्य बहिष्कार की चेतावनी, सेवाओं पर असर की आशंका
डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो 2 अप्रैल 2026 से वे ड्यूटी करने में असमर्थ रहेंगे। पत्र में किराया, ईएमआई और अन्य घरेलू खर्चों का दबाव बढ़ने की बात कही गई है। बार-बार मांग के बावजूद कार्रवाई न होने से डॉक्टरों में आक्रोश है। इस निर्णय से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।