वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। कोन-विंढमगंज मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरपास के पास सड़क के बीचों-बीच 20 एमएम का स्टील सरिया बाहर निकल आने से बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। ग्राम पंचायत सलैयाडिह के सिता मोड़ चौराहे से करीब 500 मीटर दूर यह स्थिति हर गुजरने वाले राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। इस व्यस्त मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग, स्कूल के बच्चे, बाइक सवार और चारपहिया वाहन गुजरते हैं, जहां जरा सी चूक किसी गंभीर दुर्घटना में बदल सकती है। बावजूद इसके रेलवे विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
• ग्रामीणों में आक्रोश, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
सलैयाडिह निवासी रूपेश प्रजापति ने खतरे को देखते हुए सरिया के पास लाल कपड़ा बांधकर लोगों को सतर्क करने का प्रयास किया, जिसे सराहनीय बताया जा रहा है, लेकिन इसे स्थायी समाधान नहीं माना जा रहा। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा अधूरा और लापरवाहीपूर्ण कार्य किया गया है, जिसकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल सरिया हटाकर सड़क की मरम्मत कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।