वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाके ग्राम पंचायत करहीया के धिचोरवा-बगरवा मार्ग से गोवंश को वध हेतु ले जाए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। थाना निरीक्षक शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक भानु प्रताप सिंह व टीम ने बगरवा जंगल मोड़ के पास घेराबंदी कर 18 बैल व 1 बछिया को क्रूरता के साथ ले जा रहे लोगों को पकड़ा। मौके से महबूब अंसारी, बाल गोविंद गुप्ता और नरेश राम निवासी बीरबल (झारखंड) को गिरफ्तार किया गया, जबकि शकील अंसारी और रामदयाल यादव अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
• गोवध व पशु क्रूरता अधिनियम में केस दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। बरामद किए गए गोवंश को सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों की देखरेख में सौंपा गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने का संदेश गया है।