शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कुंडा स्थित बनकरा गांव में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खलिहान में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राम नरेश बैसवार (44) निवासी बर-कन्हरा के रूप में हुई है, जो बीती रात से लापता बताए जा रहे थे। सुबह उनका शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खलिहान में पड़ा मिला, जबकि शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और भी गहरा गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
• हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस इस रहस्यमयी मौत के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।