वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। विकासखंड दूध्दि के ग्राम पंचायत बुटबेढवा स्थित कंपोजिट विद्यालय में स्कूल चलो अभियान के तहत नवप्रवेशी कक्षा एक के बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। खंड शिक्षा अधिकारी दूध्दि प्रेम शंकर राम के मार्गदर्शन में प्रधानाध्यापक राजकमल ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली विंढमगंज बाजार, रामलीला ग्राउंड, शिव मंदिर, आदर्श नगर चौराहा, मुस्लिम बस्ती और चंद्रवंशी मोहल्ला सहित कई क्षेत्रों से होकर गुजरी, जहां बच्चों ने “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जाएंगे” जैसे नारों के जरिए लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
• शिक्षा के प्रति जागरूकता के साथ स्वास्थ्य संदेश भी दिया गया
रैली के समापन पर प्रधानाध्यापक ने कहा कि 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों का विद्यालय में नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना हर अभिभावक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण और निशुल्क शिक्षा, पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, पुस्तकालय, खेल सामग्री, स्मार्ट क्लास और मध्यान भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस दौरान संचारी रोग नियंत्रण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में शालिनी गुप्ता, अंजू रानी, अनुराग तिवारी, श्वेता जायसवाल, पद्मावती देवी और चंचल गुप्ता सहित शिक्षकों ने सहयोग किया।