रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। म्योरपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय इंजानी की जमीन पर अवैध अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विद्यालय की खाते वाली जमीन पर एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा गुमटी दुकान रखे जाने का आरोप है, जिसकी लिखित शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी को भेजी गई है। जानकारी के अनुसार विद्यालय के नवनिर्मित भवन के पास खाता संख्या 1452 क की जमीन राजस्व अभिलेखों में पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय के नाम दर्ज है, जिसे लेकर विवाद गहराता दिख रहा है।
• पैमाइश में खुलासा, कार्रवाई की मांग तेज
बताया गया कि 28 मई को ग्राम प्रधान और लेखपाल की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कराई गई थी, जिसमें गांव निवासी हरिचरण पुत्र गयाराम कुशवाहा द्वारा गुमटी रखे जाने का मामला सामने आया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने पहले भी गुमटी हटाने को कहा था, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ। प्रधानाध्यापक बिहारी लाल द्वारा भेजे गए पत्र में साफ किया गया है कि विद्यालय प्रशासन का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है और प्रशासन से अवैध कब्जा हटाने की मांग की गई है, जिस पर जटाशंकर, धर्मराज सिंह और पप्पू नाथ के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।
.