SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और संभावित हीटवेव को देखते हुए जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने व्यापक मास्टर प्लान लागू करते हुए सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने जनसामान्य, पशुधन और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारियां तय की हैं। शिक्षा विभाग को स्कूलों के समय में बदलाव, छात्रों के लिए पेयजल, बिजली, पंखे और छायादार स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्कूल भवनों में गर्मी से बचाव के उपाय लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
• बाजारों में पानी, अस्पतालों में अलर्ट और सभी विभागों को SOP तैयार करने का आदेश
नगर निकायों को बाजार, बस स्टैंड और अस्पताल परिसरों में शीतल पेयजल, छाया और कूलिंग सेंटर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में लू वार्ड, दवाइयां, 24 घंटे स्टाफ और एम्बुलेंस सेवा अलर्ट रखने को कहा गया है। ग्राम विकास विभाग को ग्रामीण इलाकों में पानी के टैंकर, हैंडपंप मरम्मत और मनरेगा श्रमिकों के कार्य समय में बदलाव करने का आदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से 28 अप्रैल तक अपनी SOP तैयार कर बैठक में प्रस्तुत करने और हीटवेव से बचाव हेतु प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।