अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। क्षेत्र में आई तेज आंधी और हल्की बारिश ने हालात बिगाड़ दिए, जहां तेज हवाओं के चलते 11 हजार केवी लाइन के पांच खंभे उखड़कर गिर गए और पूरी बिजली व्यवस्था ठप हो गई। बभनी, सांगोबांध, चपकी, नधिरा और देवरा-किरबिल रूट की 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से सैकड़ों गांवों में 12 घंटे से ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है। बभनी, चौना, बैना, कोंगा, घघरा, बरवे, बकुलियां, आसनडीह, परसाटोला, डूमरहर, करमघट्टी, बिछियारी, सेमरिया और बघमडवा समेत कई गांव पूरी रात अंधेरे में डूबे रहे।
• पेयजल संकट गहराया, फसलें तबाह होने का आरोप
बिजली आपूर्ति बाधित होने से मोटर और पंप बंद पड़े हैं, जिससे गांवों में पेयजल संकट गहराने का आरोप सामने आ रहा है। वहीं तेज आंधी से आम की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है, जिससे बागवानों में चिंता बढ़ गई है। विद्युत विभाग के अवर अभियंता महेश कुमार के अनुसार सांगोबांध और आसनडीह फीडर पर पेड़ गिरने से पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं और टीमें मौके पर मरम्मत कार्य में जुटी हैं, जल्द सप्लाई बहाल करने का प्रयास जारी है।