शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। जनपद में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान नगर पंचायत की पेयजल पुनर्गठन योजना, राजकीय बालिका हाई स्कूल हिनौती और कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पेयजल योजना को उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए, ताकि आमजन को स्वच्छ और पर्याप्त पानी मिल सके। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
• सड़क कार्य में गड़बड़ी पर जांच, बरसात से पहले पूरा करने का दबाव
कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग के निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच कराई गई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि बरसात से पहले हर हाल में सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेकर पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर दिया गया। इस दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, जल निगम और शिक्षा विभाग के अधिकारी समेत अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।