रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद द्वारा बालिका सशक्तिकरण मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण अभियान का आयोजन किया गया। वर्ष 2018 में शुरू किए गए इस मिशन के तहत बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए एक माह का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाता है। इसके बाद 2019 से यह अभियान एनटीपीसी की सभी परियोजनाओं और स्टेशनों में बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी 21 मई से 16 जून 2026 तक चलने वाले अभियान के लिए आसपास के विभिन्न सरकारी विद्यालयों से 140 बालिकाओं का चयन किया गया है। कार्यक्रम के पहले चरण में 60 बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जबकि शेष छात्राओं का परीक्षण दूसरे चरण में किया जाएगा।
बालिका सशक्तिकरण अभियान के तहत छात्राओं को केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, आत्मरक्षा, कौशल विकास, योगा, खेल-कूद, गुड टच-बैड टच सहित दैनिक जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। एनटीपीसी रिहंद द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाली 10 छात्राओं को परियोजना के डीएवी स्कूल में प्रवेश दिलाकर उनकी अन्य आवश्यकताओं को भी पूरा किया जा रहा है। परियोजना प्रबंधन का मानना है कि इस अभियान से बच्चियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और वे आगे बढ़कर अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणा बनेंगी।
.