रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से “हमारी जनगणना, हमारा विकास” अभियान के तहत स्वगणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इसके पहले 07 मई से 21 मई 2026 तक नागरिकों को स्वगणना की सुविधा दी गई है, जिसके तहत लोग स्वयं जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in� पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
• स्वगणना से सत्यापन प्रक्रिया होगी आसान
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना एक महत्वपूर्ण सुधारात्मक पहल है, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी बनेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें तथा प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग करें। उनका कहना है कि यदि लोग पहले से अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर देंगे तो बाद में जनगणना टीम के सत्यापन कार्य में काफी सहूलियत होगी।